तिर्वा। गैस किल्लत की अफवाहों के बीच ऑनलाइन बुकिंग के बाद समय से मैसेज नहीं मिल रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं की दिक्कत बढ़ गई है। बुकिंग के चार से छह दिन बाद तक मैसेज न आने से लोग चिंतित हो रहे हैं। इस कारण गैस एजेंसियों पर बुधवार को काफी भीड़ रही।
उपभोक्ता अपनी बुकिंग की स्थिति जानने के लिए बार-बार एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। बुकिंग के बाद कई दिन तक मैसेज न आने से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ रही है। इस संबंध में एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि सर्वर व्यस्त होने के कारण मैसेज आने में देरी हो रही है, लेकिन सभी बुकिंग प्रक्रिया में हैं और मैसेज मिल रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
नए नियम ने किया परेशान
कन्नौज। घरेलू गैस उपभोक्ताओं को कंपनी के नए नियम ने परेशान कर रखा है। पहले बुकिंग 21 दिन की जगह 25 में करने की बात कही गई। बाद में इसे बढ़ाकर 45 दिन तक कर दिया गया है। गैस कंपनी के नए नियम के अनुसार दो सिलिंडर वाले कनेक्शन पर गैस मिलने के 35 दिन बाद बुकिंग स्वीकार की जाएगी, जबकि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों की बुकिंग 45 दिन में होगी। वहीं सिंगल सिलिंडर वाले कनेक्शनधारकों की बुकिंग 25 दिन में होगी।
देर से आई गैस की गाड़ी
कन्नौज। नगर के एक उपभोक्ता ने बताया कि सुबह से एजेंसी पर लाइन लगाए रहे। दोपहर तक गाड़ी नहीं आई। दोपहर एक बजे गाड़ी आने के बाद सिलिंडर मिल सका।
-