छिबरामऊ। सिकंदरपुर कस्बे में डायरिया से एक और बच्चे की मौत हो गई। उल्टी और दस्त रोग के चलते अब मरने वाले बच्चों की संख्या तीन हो गई है। जबकि कई बच्चों का कस्बे के निजी चिकित्सालयों में इलाज चल रहा है।
बुधवार को सिकंदरपुर के लोहिया नगर निवासी रवि शाक्य के पुत्र पीयूष (18 माह) उल्टी दस्त की शिकायत हुई। परिजन निजी चिकित्सक के यहां से दवा ले ली, लेकिन हालत में सुधार होने के बाद बिगड़ती गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इससे पहले भी मोहल्ला सुभाष नगर निवासी सौरभ (6) पुत्र बड़े शाक्य व मालवीय नगर निवासी रजनीश शाक्य की पुत्री नन्हीं शाक्य (3) की डायरिया से मौत हो चुकी है। भगत सिंह निवासी राधे (6 माह) पुत्र प्रभाकर रावत, आयुष (12) पुत्र हरिश्चंद्र व अविका वर्मा (18 माह) पुत्र सुनील सिंह के अलावा लोहिया नगर निवासी कुंवर कन्हैया (10) पुत्र सुनील समेत कई बच्चे डायरिया से ग्रसित हैं। इलाज कस्बे के निजी चिकित्सकों के यहां चल रहा है।
इनसेट...
नाकाफी स्वास्थ्य महकमे के प्रयास
कस्बे में डायरिया पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य महकमे के प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। स्वास्थ्य महकमे के संक्रामक रोग विशेषज्ञ डाॅ. आतिफ अहमद, डाॅ. देवेश दीक्षित, डाटा मैनेजर प्रदीप कुमार व सिकंदरपुर पीएचसी के डाॅ. केके अग्निहोत्री व स्वास्थ्य निरीक्षक शिवरतन सिंह कस्बे में डेरा डाले हुए हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. राहुल मिश्रा ने आशा बहुओं को घर घर दस्तक देकर उल्टी व दस्त से ग्रसित लोगों को ओआरएस, जिंक, क्लोरीन की टेबलेट वितरित करने के निर्देश दिए। इसके बाद भी हालत में सुधार न होने पर एंबुलेंस बुलाकर सीएचसी या सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश दिए।