ठठिया। खैरनगर-तिर्वा मार्ग पर बरियारपुरवा पुलिया के पास रविवार देर रात दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
ग्राम अड्डापुरवा गांव निवासी अतुल (24) पंप से पेट्रोल डलवाकर गांव लौट रहे थे। परिजनों ने बताया कि अतुल कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए जा रहे थे। तभी हरेइपुर गांव निवासी नीरज (38) और विकास (24) बाइक से तिर्वा से घर वापस आ रहे थे। बरियारपुरवा पुलिया के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में अतुल, नीरज और विकास गंभीर रूप से घायल हो गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान नीरज ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। नीरज के चार बच्चे हैं और राजमिस्त्री का काम करते थे। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।