शव देखते थाना प्रभारी विजय बहादुर, स्वाट और सर्विलांस टीम।
- फोटो : KANNAUJ
ठठिया(कन्नौज)। थानाक्षेत्र के भखरौली गांव में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमी के साथ शादी की जिद पर अड़ी भतीजी की रिश्तेदार की मदद से चाचा ने हत्या कर दी। बोरी में शव को भरकर जंगल में दफन कर दिया। प्रेमी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया तो कोर्ट के आदेश पर हरकत में आई पुलिस ने चाचा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद चाचा की निशानदेही पर पुलिस ने सुर्सी के जंगल में एक नाले के किनारे दफन शव को खोद निकाला। थाना प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने चाचा और रिश्तेदार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
ठठिया थानाक्षेत्र के गांव गौरनपुर्वा खैरनगर निवासी रेखा यादव (22) पुत्री अखिलेश का करीब चार साल से पड़ोस के गांव धौरारा में रहने वाले 24 वर्षीय रिश्तेदार अमित यादव से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रेखा अमित के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी थी। परिजन शादी के खिलाफ थे। मार्च 2019 में अखिलेश ने लिलुईया में रहने वाले दामाद के परिवार में रेखा की शादी तय कर दी। इससे अप्रैल में रेखा अमित के साथ कहीं चली गई। एक मई को पुलिस ने अमित और रेखा को थाने में बुलाया था। यहां पंचायत के बाद भखरौली में रहने वाला रेखा का चाचा अवधेश यादव उसे अपने साथ ले गया था। इसके बाद चार मई को दामाद गिरीश निवासी नया नगला मोहम्मदाबाद फर्रुखाबाद के साथ मिलकर चाचा अवधेश ने गला दबाकर रेखा की हत्या कर दी।
रेखा से संपर्क टूटने के बाद अमित ने अवधेश और अखिलेश से पूछताछ की तो उन लोगों ने उल्टा उसी पर रेखा को गायब करने का आरोप लगा दिया। हाल में ही अमित ने हाईकोर्ट में अपील कर रेखा को तलाशने की गुहार लगाई थी। हाईकोर्ट के आदेश पर ठठिया थाना प्रभारी विजय बहादुर ने अवधेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो, अवधेश ने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन सख्ती के चलते वह टूट गया। बुधवार को अवधेश की निशानदेही पर सुर्सी गांव के जंगल में एक नाले में भरे पानी को निकालने के बाद खुदाई कर रेखा का शव बरामद किया गया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
थाना प्रभारी ने अवधेश और गिरीश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि रेखा की हत्या में कई लोग शामिल हैं। विवेचना के बाद परिवार और अन्य रिश्तेदारों को भी आरोपी बनाया जाएगा।