कन्नौज। बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर शुक्रवार को सामूहिक वाचन एवं स्वदेशी का संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण देखा व सुना गया।
कलक्ट्रेट गांधी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत ने कहा कि वंदे मातरम् एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय अस्मिता, मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और स्वतंत्रता की भावना का प्रतीक है। हम सभी को राष्ट्र के गौरव और स्वदेशी मूल्यों को आत्मसात करते हुए देश की उन्नति में योगदान देना चाहिए। डीएम ने कहा कि इस गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों के हृदय में नवचेतना और राष्ट्रभक्ति का संचार किया था। इसके 150 वर्ष पूर्ण होने पर हमें स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वीरसिंह भदौरिया, सीडीओ रामकृपाल चौधरी, डीडीओ नरेंद्रदेव, पर्यटन अधिकारी डॉ. एम मकबूल आदि मौजूद रहे।
एसपी व पुलिसकर्मियों ने किया राष्ट्रगीत का सामूहिक गान
पुलिस कार्यालय में एसपी विनोद कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। यहां प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा एवं सुना गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों को राष्ट्रीय भावना, राष्ट्रभक्ति तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित व उत्साहित किया। कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों को राष्ट्रीय चेतना एवं देशप्रेम की भावना को सदैव सर्वोपरि रखने तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु कर्तव्यों के प्रति तत्पर रहने के निर्देश दिए गए।