कन्नौज। भीषण गर्मी एवं लू के दृष्टिगत जनसामान्य की सुविधा के लिए कलक्ट्रेट परिसर में प्याऊ की व्यवस्था की गई है। वहीं आगंतुकों को शीतल जल के साथ मीठे के रूप में गुड़, पेठा, गट्टा आदि भी नियमित उपलब्ध कराया जाए। ताकि गर्मी के मौसम में उनकी प्यास बुझ सकेगी।
डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में स्थापित प्याऊ का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि आगंतुकों को शीतल जल के साथ गुड़, पेठा, गट्टा भी दिया जाए, जिससे गर्मी के प्रभाव से बचाव में सहायता मिल सके। कहा कि जनसुविधा सर्वोपरि है तथा कलक्ट्रेट परिसर में आने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर एवं सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्याऊ स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखा जाए तथा इस बात का ध्यान रहे कि पेयजल की उपलब्धता निरंतर बनी रहे। उन्होंने कलक्ट्रेट परिसर के हॉल में आगंतुकों को बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। ताकि लोगों को असुविधा न हो। इस मौके पर प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्रदेव द्विवेदी, डीसी एनआरएलएम राजकुमार लोधी, उप जिलाधिकारी नवनीता राय आदि मौजूद रहे।