कन्नौज। बहुचर्चित किशोरी दुष्कर्म कांड में अब 19 नवंबर को पीड़िता के बयान दर्ज किए जाएंगे। आरोप तय होने के बाद कोर्ट ने मुकदमे का ट्रायल शुरू करने के आदेश दिए हैं। इस मामले में मंगलवार को सुनवाई थी, लेकिन कोर्ट में आवश्यक कार्यों के चलते अब 19 नवंबर की तारीख निश्चित की गई है। शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि अब अगली तारीख पर तीनों आरोपियों की वीडियो कान्फ्रेंसिंग से पेशी की जाएगी।
शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि न्यायिक अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण अब इस मामले में पीड़िता के बयान 19 नवंबर को दर्ज किए जाएंगे। चार्जशीट के आधार पर आरोपी नवाब सिंह यादव, नीलू यादव व बुआ पर आरोप तय कर दिए गए हैं। अब इस मामले में जल्द गवाही शुरू होगी। विदित हो कि 11 अगस्त को शहर के नसरापुर स्थित चौधरी चंदन सिंह डिग्री कॉलेज में किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया था। इसमें आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया था। प्रकरण में किशोरी की बुआ और नवाब सिंह के छोटे भाई नीलू को भी साक्ष्य मिटाने का आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने विवेचना पूर्ण कर 450 पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है, जिस पर आरोप तय किए जा चुके हैं।