रेलवे क्रासिंग पर आटोमैटिक क्रासिंग की दिशा में चल रहा काम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
रेलवे ने अपने गेटमैन को भी सहूलियत देने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। कन्नौज रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर क्रासिंग नंबर 94 पर एंटर लाक सिस्टम लगाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पीडब्लूआई अजय कुमार भटनागर ने बताया कि जल्द ही गेटमैन को पुरानी क्रासिंग से निजात मिल जाएगी। नए क्रासिंग सिस्टम में गेटमैन को हाथों से पहिया घुमाकर क्रासिंग बंद करने की जरूरत नहीं रहेगी, वह अपने केबिन के पास लगे सिस्टम से बटन दबाकर क्रासिंग बंद कर देगा।
बताया कि इस समय 94वें नंबर क्रासिंग को ज्यादा देर तक बंद न रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। तिर्वा क्रासिंग पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य जारी है। शहर की पूरी पब्लिक उसी क्रासिंग पर जमा होती है। जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। बताया कि अभी तक फर्रुखाबाद की ओर से आने वाली गाड़ी जब गुरसहायगंज से निकलती थी, और कानपुर से आने वाली गाड़ी कन्नौज स्टेशन से छूटती थी, या जिस गाड़ी का कन्नौज स्टाप नहीं होता था और वह जब अरौल-कानपुर से ही छूटती थी क्रासिंग बंद करने के निर्देश दे दिए जाते थे।
जाम की बढ़ती समस्या को देखते हुए नए निर्देशानुसार गाड़ी के 94वें नंबर क्रासिंग से गुजरने के समय से पांच मिनट पहले ही क्रासिंग बंद करने के निर्देश हैं। ऐसे में जनता को भी जाम की समस्या से निजात मिल पाएगी।