कन्नौज। खाद के लिए हो रही मारामारी को देखते हुए प्रशासन और कृषि विभाग गंभीर है। सोमवार को कृषि अधिकारी ने पांच खाद दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो खाद विक्रेता कृषि अधिकारी को देखकर भाग गए। कृषि अधिकारी ने दोनों को नोटिस जारी किया है।
जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता ने खाद दुकानों का निरीक्षण करने निकले। तिर्वा तहसील क्षेत्र के खानपुर गांव में उन्हें देखकर दो खाद विक्रेता दुकान बंद करके भाग गए। दोनों विक्रेताओं को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में जवाब मांगा है। जवाब न देने की स्थिति में कार्रवाई करने की बात कही है। इसके बाद उन्होंने तीन खाद दुकानों को देखा। वहां कई कमियां मिलीं। कमियों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
यूरिया खाद लेकर जा रहे कड़ैरा निवासी जसवंत सिंह से दाम के बारे में जानकारी की। जसवंत सिंह ने बताया कि उनको निर्धारित दाम पर यूरिया खाद मिली है। कृषि अधिकारी ने बताया कि निर्धारित दामों पर ही विक्रेता खाद की बिक्री करें। अधिक दाम पर खाद बेचने पर कार्रवाई की जाएगी।
किसानों को वितरित किए तोरिया बीज
जिलाधिकारी ने तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंजीकृत किसान अतर सिंह, यशकरन सिंह, प्रेम नारायण, सरोजनी देवी, राजरानी, सुनील और शिवशंकर को प्रति एकड़ दो किलोग्राम तोरिया बीज की मिनी किट वितरित की।