कन्नौज-औरैया हाइवे मार्ग के 16 किमी हिस्से को फोरलेन किए जाने का काम खास सुस्त चल रहा है। ऐसे में तय समय सीमा के भीतर (31 मार्च) काम पूरा होने आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। काम खत्म करने में अब करीब डेढ़ माह का समय बचा है, लेकिन अभी तक 50 फीसदी काम ही दिखाई दे रहा है। लोकनिर्माण विभाग के अनुसार कई जगह बिजली के पोल और पेड़ अब तक नहीं हट पाए हैं।
फोरलेन रोड को पूरा कराने के लिए शासन प्रशासन से आए दिन निर्देश जारी हो रहे हैं। इसके बावजूद सड़क बनाने का काम कछुआ गति से चल रहा है। बार-बार फरमान के बावजूद लोकनिर्माण विभाग, वन विभाग व बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर कोई खास असर नहीं पड़ रहा है। वहीं बेहरिन गांव के पास जर्जर ईशन नदी के पुल के भी क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। लगातार मौरंग व गिट्टी लदे ट्रकों के निकलने पर पाबंदी लगाने की मांग उठने लगी है।
ईशन नदी पर बने कई साल पुराने पुल के किसी भी दिन ध्वस्त होने के खतरे के दस्तक देने के बावजूद समानांतर दूसरा पुल बनाने की तैयारी अब तक सेतु निगम शुुरू नहीं कर सका है। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि काम में तेजी लाएं।
अधिशासी अभियंता लोकनिर्माण विभाग अंबिका सिंह को नियमित रूप से एई व जेई को सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए भेजने को कहा गया है। उन्हें खुद भी समय-समय पर निर्माण कार्य का परीक्षण कर उसकी गुणवत्ता चेक करने के साथ ही साथ कार्य की रफ्तार तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस मामले में अपर जिलाधिकारी रमेश चंद्र यादव का कहना है कि फोरलेन को बनाने में देरी करने वाले अभियंताओं पर कार्रवाई की जाएगी। अब मौसम भी निर्माण कार्य के अनुकूल हो गया है। आगे से बहानेबाजी बरदाश्त नहीं की जाएगी। ईसन नदी पर पुल निर्माण के मुद्दे पर सेतु निगम के अधिशासी अभियंता से वार्ता करेंगे। जल्द ही नया पुल बनाने का प्रस्ताव तैयार कराकर शासन को भिजवाया जाएगा ताकि रोड के साथ ही साथ पुल निर्माण भी शुरू कराया जा सके।