छिबरामऊ में सिकंदरपुर कसबे के पास 53 लाख 68 हजार 486 रुपये के एमआरएफ टायर लूटने के मामले में पुलिस अभी किसी बदमाश को नहीं पकड़ सकी है। मंगलवार को टीसीआई के रीजनल हेड एके सिंह ने एसपी से मुलाकात कर घटना के खुलासे की मांग की।
बाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्री सिंह ने बताया कि लूटे गए ट्रक में 293 टायर लदे थे। 28 जनवरी को यह ट्रक बुक किया गया था। माल की डिलीवरी कानपुर में करनी थी। ट्रक को उसका मालिक गोपीचंद्र निवासी गांधीनगर मुजफ्फरपुरचलाकर ले जा रहा था। छिबरामऊ के पास कुछ लुटेरों ने चालक पर हमला करके उसे जख्मी कर दिया और हाथ-पैर बाधकर फेंक दिया।
इसके बाद टायर अपने साथ लाए वाहन में लोड करके भाग गए। क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि गाड़ी मालिक गोपीचंद्र, ब्रोकर इरफान, सुनील, प्रदीप व प्रवीन ने मिलकर सारा माल लूटा है। लूट की इस घटना की जानकारी केंद्रीय परिवहन मंत्री, डीजीपी को भेजी है।