कन्नौज। इत्र पार्क में उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण को लेकर विशेष शिविर का आयोजन शुक्रवार को किया गया। शिविर में उद्यमियों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। अनापत्ति प्रमाण पत्र शीघ्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
उद्यमी अभिनय गुप्ता ने इत्र पार्क में जल कनेक्शन की समस्या उठाई गई, जिस पर जल निगम के प्रतिनिधि ने शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। उद्यमी प्रखर कपूर द्वारा आवंटित भूखंड में मिट्टी भरान, प्रदूषण नियंत्रण एवं अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र तथा विद्युत विभाग से कनेक्शन कराए जाने की मांग रखी। संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने इन कार्यों को प्राथमिकता पर पूर्ण करने की सहमति दी।
द अतर एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन त्रिवेदी ने जल एवं विद्युत कनेक्शन सहित विभिन्न विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्रों को शीघ्र उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता बताई। शिविर में जगत अरोमा के प्रतिनिधि दिलीप द्वारा जल कनेक्शन एवं गैस कनेक्शन की समस्या रखी गई, जिस पर जल निगम एवं एचपीसीएल परियोजना के प्रतिनिधियों ने शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत ने बताया कि इत्र पार्क में उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अनापत्ति प्रमाण पत्र शीघ्र उपलब्ध कराए जाएंगे।