सौरिख (कन्नौज)। भूतत्व-खनिकर्म सचिव व जिले की नोडल अधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने सौरिख ब्लाक क्षेत्र के कई धान खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इससे हड़कंप मच गया। नोडल अधिकारी और अफसरों के पहुंचने से पहले कार्रवाई के डर से व्यापारी केंद्र से भाग गए। ग्यासपुर धान खरीद के निकट सड़क पर व्यापारी का धान देख उन्होंने नाराजगी जताई। एसडीएम को सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
सोमवार को नोडल अधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने विपणन शाखा से संचालित धान खरीद केंद्र ग्यासपुर खड़िनी व निजी धान केंद्र ग्यासपुर खड़नी का औचक निरीक्षण किया। यहां मौजूद किसान नरेंद्र सिंह से खरीद के बाद भुगतान की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि भुगतान में आठ दिन का समय लग जाता है। इस पर सचिव ने नाराजगी व्यक्त कर किसानों के खाते में 72 घंटे में भुगतान करने के निर्देश दिए। यहां के केंद्र प्रभारी गजेंद्र शर्मा ने बताया कि 15 हजार क्विंटल का लक्ष्य था। 13 हजार क्विंटल खरीद की जा चुकी है। इसके बाद उन्होंने सौरिख में एफएसएस और हरिभानपुर में धान खरीद केंद्र खरीद देखे। यहां 10 हजार क्विंटल के सापेक्ष पांच हजार क्विंटल धान खरीद होने पर केंद्र प्रभारी कोमल सिंह से नाराजगी जताई। लक्ष्य की पूर्ति करने के निर्देश दिए। यहां उन्होंने ई-उपार्जन पोर्टल पर ऑनलाइन फीडिंग की जानकारी की। पता चला कि यहां लैपटाप नहीं है। जनसुविधा केंद्र के माध्यम से फीडिंग करवाई जा रही है। उन्होंने सभी धान केंद्रों को लक्ष्य के अनुसार खरीद पूरी करने के निर्देश दिए। इस मौके पर नोडल अधिकारी के साथ एडीएम गजेंद्र कुमार, सीडीओ आरएन सिंह, डीडीओ एनबी सविता, एसडीएम जयकरन, देवेश गुप्ता समेत कई अफसर मौजूद रहे।