प्राइवेट शिक्षक (मृतक)के आवास पर मौजूद पुलिस बल।
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख(कन्नौज)। निजी शिक्षक की बेटियों ने बाबा के साथ रहने से इनकार कर दिया है। शिक्षक की हत्या के आरोप में पत्नी व उसके भाई के जेल जाने के बाद पुलिस ने दोनों बेटियों को बाबा के सुपुर्द कर दिया था। इन्होंने बाबा के साथ रहने से इनकार कर दिया है। इससे दोनों को पुलिस सुरक्षा में नगरिया तालपार स्थित आवास पर भेज दिया गया।
नगरिया तालपार में 26/27 नवंबर की रात निजी शिक्षक इंद्रपाल पुत्र श्रीकृष्ण पाल की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्या में आरोपी पत्नी सीमा पाल व उसके भाई मनोज को 29 नवंबर को जेल भेज दिया। शिक्षक की ढाई वर्षीय बेटी दिशा को परवरिश में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए मां सीमा के साथ जेल भेज दिया गया था। रक्षा पाल (12) व दीक्षा पाल (8) को बाबा श्रीकृष्ण के सुपुर्द कर दिया गया था। शिक्षक की दोनों बेटियों ने बाबा के साथ रहने से मना कर दिया। मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा ने इन्हें नगरिया तालपार स्थित आवास पर भेज दिया। दोनों लड़कियों की सुरक्षा के लिए दो गार्ड व एक महिला कांस्टेबल की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है।
नारकीय हुआ तीनों बेटियों का जीवन
पिता की हत्या व मां के जेल जाने के बाद तीनों बेटियों की जिंदगी नारकीय हो गई है। घर में अकेले रहकर रक्षा व दीक्षा दूध-ब्रेड, मैगी बनाकर दिन काट रही हैं। वहीं, सबसे छोटी बेटी दिशा पाल निर्दोष होने के बाद अपने मां के कृत्य की सजा जेल में रह कर काट रही है।