सौरिख(कन्नौज)। क्षेत्र के ग्राम हुसेपुर तुरकन में रविवार रात संदिग्ध हालात में नवजात की मौत हो गई। पीड़ित पिता ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
ग्राम हुसेपुर तुरकन निवासी सुधीर पाल ने बताया कि उनके घर पर रविवार को ब्राह्मण भोज का कार्यक्रम था। यह देर रात तक चलता रहा। कार्यक्रम के बाद वह घर के बाहर दरवाजे पर लेट गया। पत्नी नीलम डेढ़ साल के पुत्र अंशू के साथ छत पर सोने चली गईं। रात करीब दो बजे पिता ने छत पर कुछ लोगों को चहलकदमी करते देखा। इसकी जानकारी उन्होंने उसे दी। वह दौड़कर छत पर पहुंचा। दो लोग छत पर थे। यह उसे देखते ही छत से कूदकर भाग गए। उसने पत्नी व बच्चों के पास जाकर देखा तो अंशू की मौत हो चुकी थी। सुधीर ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने सुधीर की शिकायत पर दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। इनसे पूछताछ चल रही है। उधर, बेटे की मौत से घर में कोहराम मच गया। मां नीलम का रो-रो कर बुरा हाल था। वह बार-बार बेहोश हो रही थीं।
पट्टे की जमीन को लेकर दो दिन पहले हुए था विवाद
नवजात की संदिग्ध हालात में मौत के पीछे दो दिन पहले पट्टे की जमीन को लेकर विवाद माना जा रहा है। बच्चे के पिता के विरुद्ध पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई की थी। ग्रामीणों के अनुसार गांव में सुधीर के एक रिश्तेदार को जमीन का पट्टा किया गया था। सुधीर पाल ने इस पट्टे की जमीन को ग्राम समाज की बताते हुए विरोध किया था। 11 जुलाई को सुधीर पाल व रिश्तेदार के बीच गाली गलौज व मारपीट हुई थी। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुधीर के विरुद्ध शांति भंग की कार्रवाई की थी। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश शुरू हुई।