उमर्दा। पांच साल से बंद पड़ा काऊ मिल्क प्लांट आखिरकार गुरुवार को पूरी सक्रियता के साथ शुरू हो गया। प्लांट की मशीनों के रफ्तार पकड़ते ही क्षेत्र में विकास की नई किरण दिखाई देने लगी। प्लांट पर इटावा से 24 हजार लीटर दूध से भरा टैंकर पहुंचा। इसके साथ ही पैकिंग का कार्य भी शुरू कर दिया गया।
प्लांट शुभारंभ के अवसर पर जीएम मुकेश मिश्रा ने विधि-विधान से टैंकर का पूजन कर स्वागत किया। यह प्लांट मदर डेयरी के तत्वावधान में संचालित हो रहा है, जिससे इसकी गुणवत्ता और विश्वसनीयता को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है। प्लांट के दोबारा शुरू होने से स्थानीय स्तर पर शुद्ध और उच्च गुणवत्ता वाला दूध व दही उपलब्ध होने लगेगा, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। वहीं, इसका सबसे बड़ा फायदा क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को होगा।
अब किसानों और पशुपालकों को अपने उत्पाद का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद है, जिससे उनकी आय में बढ़ोत्तरी होगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि प्लांट का संचालन न सिर्फ डेयरी क्षेत्र को मजबूती देगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करेगा। इस दौरान सुनील पांडेय, कुनाल राणा, आशीष कुशवाहा, रामनारायण, संजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।