कन्नौज। जिले में सोमवार को नौ कोरोना मरीज ठीक होकर घर भेजे गए तो आठ नए मरीज सामने आए। इनको अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 212 पहुंच गई है। इसमें 151 प्रवासी हैं। 74 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं और 137 ठीक होकर घर भेजे जा चुके हैं। सोमवार को पांच नए हॉटस्पॉट के साथ कुल हॉटस्पाट की संख्या 57 पहुंच गई है।
सोमवार को इब्राहिममगंज निवासी 28 वर्षीय महिला, उसका 38 वर्षीय पति, ऊंचा लाडपुर गुरसहायगंज निवासी नौ वर्षीय बालिका, अशोक नगर तिर्वा निवासी 38 वर्षीय युवक, कचाटीपुर इंदरगढ़ निवासी 46 वर्षीय युवक, सुल्तनापुर कसावा छिबरामऊ निवासी 30 वर्षीय युवक, कबीरपुर सौरिख निवासी 60 वर्षीय महिला व उसकी 33 वर्षीय बहू संक्रमित निकली हैं। सास और बहू की जांच लखनऊ में निजी लैब में हुई थी। इस परिवार में चार लोग संक्रमित निकल चुके हैं। 60 वर्षीय महिला को कोविड-19 अस्पताल मेडिकल कॉलेज और अन्य को कनपटियापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संक्रमितों के संपर्क में आए 25 लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं। पांच नए क्षेत्रों को हॉटस्पॉट घोषित कर सील कर दिया गया है। संक्रमित निकले लोगों के घरों और मोहल्लों में सैनेटाइजर का छिड़काव भी कराया गया है।