इंदरगढ़। क्षेत्र के एक गांव में परिजनों को नशीला पदार्थ खिलाकर एक किशोरी प्रेम-प्रसंग के चलते भाई के दोस्त के साथ चली गई। परिवार के लोगों से संपर्क न होने पर दूसरे दिन पहुंचे किशोरी के बहनोई ने सभी लोगों को नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने सभी की हालत सामान्य बताई है। पुलिस किशोरी की तलाश में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक हरियाणा के रोहताक स्थित निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसके साथ में ही बिहार का भी युवक नौकरी करता है। इससे दोनों के बीच दोस्ती हो गई। इस कारण युवक की 17 वर्षीय बहन से बिहार के युवक की जान-पहचान हो गई और दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चलने लगा। करीब एक सप्ताह पूर्व बिहार का युवक गांव आया था और दोस्त के घर पर रह रहा था। जबकि युवक रोहतक में ही नौकरी पर था। शुक्रवार रात किशोरी ने प्रेमी के साथ मिलकर दाल और सब्जी में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद किशोरी का पिता, मायके आई विवाहित बहन और तीन वर्षीय बेटी बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों लापता हो गए। इधर जब शनिवार रात तक किशोरी के जीजा का अपनी पत्नी से फोन पर संपर्क नहीं हुआ तो वह घर आ गया। जहां सभी लोगों को बेहोश देखकर नर्सिंग होम में भर्ती कराया। शनिवार देर रात सभी की हालत सामान्य होने के बाद पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने पहुंच कर छानबीन शुरू की।
थाना प्रभारी ने बताया कि किशोरी और उसके प्रेमी की तलाश में छानबीन की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।