car makainik ke bete ne kiya top
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में पढ़ रही नगर के कार मैकेनिक की बेटी ने बैचलर ऑफ रेडियोलॉजी इमेजिंग टेक्नोलॉजी (बीआरआईटी) परीक्षा में टॉप कर नगर का नाम रोशन किया है। छात्रा की इस उपलब्धि से नगर के लोग खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
नगर के मोहल्ला ग्रेसीगंज के पूर्व सभासद व साल 2017 में चेयरमैन चुनाव में सपा के प्रत्याशी रहे रहीस अहमद की बेटी सैफी मंसूरी उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में बीआरआईटी की छात्रा है। पहले साल में छात्रा ने 75.2 फीसदी अंक पाकर टॉप किया है। छात्रा की इस उपलब्धि से परिजन गदगद है। सैफी मंसूरी के पिता रहीस अहमद नगर में कार मैकेनिक है। रहीस अहमद ने बताया कि उनकी बेटी शुरू से ही पढ़ाई में अच्छी रही। नगर से ही इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने के बाद उसका दाखिला साल 2019-20 में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में कराया था। छात्रा का कहना है कि तीन साल तक बीआरआईटी करने के बाद वह लखनऊ या दिल्ली से एमआरआईटी की पढ़ाई करेगी। रहीस अहमद बताते हैं कि जब बेटी का दाखिला मेडिकल में कराया था तो उनके परिजनों व रिश्तेदारों ने विरोध किया था। आज उनकी बेटी की सफलता ने सभी को गलत साबित कर दिया है।