इंदरगढ़(कन्नौज)। नाबालिग छात्रा ने शिक्षक पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म कर वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। छात्रा का कहना है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए शिक्षक ने शादी से इंकार कर दिया। उसने दूसरी लड़की से शादी तय कर ली है। एसपी से शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
गुरुवार को 16 वर्षीय छात्रा ने एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें कहा कि इंदरगढ़ के पास स्थित एक इंटर कालेज में कस्बा निवासी एक युवक संविदा पर शिक्षक है। वह एक साल पहले इंटर में पढ़ने के दौरान इस शिक्षक के संपर्क में आई। वह अब एक डिग्री कालेज में पढ़ाई कर रही है। शादी का झांसा देकर शिक्षक ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। उसने वीडियो भी बना लिया। नौ दिसंबर को आरोपी किसी दूसरी लड़की से शादी कर रहा है। उसने विरोध किया तो आरोपी ने धमकी दी। कहा कि अगर शादी में दखल दिया तो वह वीडियो वायरल कर देगा।
एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी सुजीत वर्मा ने बताया कि जांच चल रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।