Mother's procession taken out with gaiety
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम। निकवा स्थित देवी मंदिर में मां ज्वाला देवी की प्राण प्रतिष्ठा के लिए रविवार को गाजे बाजे के साथ भक्तों ने शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल बरसा कर स्वागत किया। बाद में विधि विधान से पूजा कर मंत्रोच्चारण के साथ मूर्ति स्थापित कराई।
देवी मंदिर से मां ज्वाला देवी की विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा निकवा गांव के मंदिरों के अलावा कस्बा के ठाकुरद्वारा मंदिर, शिव मंदिर, शिविला, पंतवारी, आशुतोष धाम भ्रमण कर ज्वाला मंदिर पहुंची। इस दौरान भक्त डीजे की धुनों पर थिरकते हुए चल रहे थे।
घंटा, घड़ियाल और शंख की धुन के साथ जय माता के जयकारे से समूचा माहौल गूंज रहा था। आचार्य पं. गौतम पांडेय ने मंदिर में मां की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कराई। इस मौके पर मंदिर संस्थापक सुखवासी लाल, जितेंद्र, सतेंद्र, विपिन, अंनुज, नीरज, सुनील मौजूद रहे।