तिर्वा के मवेशी बाजार में बिक्री को आए मवेशी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कस्बे के सिद्ध पीठ मां अन्नपूर्णा देवी मंदिर परिसर में लगने वाले पशु बाजार में रविवार को एसडीएम व कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारा। बाजार में लगने वाली मीट, मुर्गा व मछली की 20 दुकानें बंद कराई। इसके अलावा पशु बाजार के ठेकेदारों को बुलाकर हिदायत दी कि बाजार से गोवध के लिए ट्रकों को लोड किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। मीट, मछली खरीदने वाले लोग भी अफसरों को देखकर भाग गए।
मां अन्नपूर्णा देवी मंदिर परिसर में रविवार व बुधवार को पशु बाजार लगता है। तीन दिन पूर्व एसडीएम राजेश कुमार यादव ने मीट, मछली की बिक्री करने वाले 20 दुकानदारों को नोटिस देकर उन्हें 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था कि वह अपना कारोबार मंदिर परिसर से हटा दें। रविवार की सुबह करीब 10 बजे पहुंचे एसडीएम राजेश कुमार, तिर्वा कोतवाल आमोद कुमार सिंह ने मीट, मछली की दुकानें लगाए लोगों को खदेड़ दिया। इनके समर्थन में कुछ लोग पैरवी करने पहुंचे तो पुलिस ने डपट कर भगा दिया। ठेकेदारों को चेतावनी दी कि गोवध के लिए लोडिंग हुई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।