कोतवाली क्षेत्र के तीन गांवों में आधा दर्जन बदमाशों के गिरोह ने चार घरों पर धावा बोलकर लूटपाट की। दो घरों से करीब 3 लाख रुपये की नकदी, जेवरात व दो मोबाइल लूट ले गए। लूटपाट के दौरान चारों घरों के एक दर्जन लोगों को पीटकर घायल कर दिया। सभी घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। दो घायलों को कानपुर रेफर किया गया। इसमें से एक को कानपुर से पीजीआई लखनऊ भेजा गया है। मौके पर पहुंचे एएसपी ने जायजा लेने के बाद खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया।
गुरुवार रात 12:30 बजे के करीब बदमाशों के गिरोह ने सबसे पहले फगुहा गांव के नरेश कुशवाहा के घर धावा बोला। परिवार के लोगों के जाग जाने से बदमाश लूटपाट में सफल नहीं हो पाए। इस पर उन्होंने गृहस्वामी नरेश को चुटहिल कर दिया। इसके बाद फगुहा गांव के ही अखिलेश मिश्रा के घर पर धावा बोला। यहां बदमाशों ने करीब एक लाख रुपये की नकदी व जेवरात और एक मोबाइल लूट लिया। बदमाशों ने डंडे व लोहे की सरिया से प्रहार करके गृहस्वामी अखिलेश मिश्रा (50), उनकी पत्नी अनीश मिश्रा (45), संजय मिश्रा (30) को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इसके बाद बदमाशों ने अर्जुनपुरवा गांव के पुष्पेंद्र पुत्र रघुनंदन यादव के घर में घुसकर मारपीट की। यहां बदमाशों ने पुष्पेंद्र को घायल कर दिया। पुष्पेंद्र की जेब में मौजूद 500 रुपये नकदी बदमाश छीन ले गए। इसके बाद बदमाशों का गिरोह लोहामढ़ गांव पहुंचा। रात 1:30 बजे गांव के बाहर बने राममंगल के मकान पर धावा बोल दिया। यहां बदमाशों ने डंडे व सरियों का प्रहार कर गृहस्वामी राम मंगल (45), उनकी पत्नी रुक्मणी देवी (40), विवाहिता पुत्री अनुपम (20), पुत्र अनूप (25 वर्ष), पुत्री मानशी (15) को मारपीट कर घायल कर दिया।
बदमाशों ने उनके घर से करीब दो लाख रुपये के आभूषण व नकदी लूट ली। मामले की जानकारी पाकर कोतवाली पुलिस रात में ही इन गांवों में पहुंची। सभी को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। फगुहा गांव के अखिलेश चंद्र व उनकी पत्नी अनीश मिश्रा की हालत बिगड़ने पर उनको कानपुर रेफर कर दिया। बाद में अखिलेश की हालत चिंताजनक हो जाने पर उन्हें कानपुर से पीजीआई लखनऊ रेफर किया गया है।
तिर्वा कोतवाली में एएसपी सुभाष चंद्र शाक्य ने बताया कि घटना की तहरीर अभी नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे में काम करने वाले एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उनके मुताबिक बदमाश 20 से 30 वर्ष की उम्र के थे। सभी अंडरवियर, बनियान व लुंगी पहने हुए थे। एएसपी ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए सीओ तिर्वा सुरेंद्र पाल के नेतृत्व में स्वाट टीम, सर्विलांस टीम व कोतवाली पुलिस की टीम गठित करके खुलासे के निर्देश दिए गए हैं। उधर हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को संदेह है कि एक्सप्रेस वे में काम कर रहे मजदूरों का इस घटना के पीछे हाथ हो सकता है।
-----
लाउडस्पीकर के शोर में दब गई चीखपुकार
लूटपाट का शिकार होकर मेडिकल कालेज में भर्ती हुए ग्रामीणों ने बताया कि फगुहा गांव में इन दिनों रासलीला का आयोजन चल रहा है। घटना के समय भी रासलीला चल रही थी। लाउडस्पीकर के शोर के कारण ग्रामीणों की आवाजें दब गईं। इस पर बदमाशों ने बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया। रासलीला देखकर वापस लौट रहे कुछ लोगों को बदमाशों ने रास्ते में पीटा।