इंदरगढ़। तिर्वा मार्ग पर नौसारा पुलिया के पास बाइक सवार बदमाश ने शनिवार को शिक्षक की बाइक रोक ली। बदमाश ने शिक्षक और उनके बेटे को पीटने के बाद मोबाइल और 30 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने बदमाश की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम गहिरा निवासी अरविंद राजपूत तिर्वा के एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं। उसी स्कूल में सात वर्षीय बेटा जयंत राजपूत भी पढ़ता है। अरविंद ने बताया कि तिर्वा में मंडी समिति के पीछे मकान का निर्माण भी करा रहे है। तिर्वा के रहने वाले एक रिश्तेदार से अरविंद ने 50 हजार रुपये उधार लिए थे। मकान निर्माण के चलते मजदूरों व एक दुकानदार को 20 हजार रुपये का भुगतान किया। इसके बाद 30 हजार रुपये लेकर शाम सात बजे बाइक से बेटे के साथ गांव जा रहे थे।
इंदरगढ़-तिर्वा मार्ग पर नौसारा पुलिया के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार ने चलती बाइक पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी। तब उन्होंने बाइक रोक दी। बाइक रोकते ही बदमाश ने दोनों को मारापीटा और सबसे पहले मोबाइल छीन लिया। फिर जेब में हाथ डालकर 30 हजार रुपये भी निकाल लिए और फरार हो गया। शिक्षक ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। थानाध्यक्ष नीलम सिंह ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई। साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।