पीएसएम महाविद्यालय का मुख्य गेट।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जिला मुख्यालय पर पीएसएम महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष के लिए विश्वविद्यालय से निर्धारित 480 सीटों के दाखिले की कवायद जारी हो गई है। 250 छात्र-छात्राओं ने आवेदन पत्र खरीदे हैं। महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि पांच जुलाई तक आवेदन पत्रों की बिक्री व जमा करने का काम जारी रहेगा। सात जुलाई को योग्यता सूची का प्रकाशन करने के बाद दाखिला की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जुलाई के दूसरे सप्ताह में बीए प्रथम वर्ष की कक्षाओं का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
जिले में छात्रसंघ चुनाव पीएसएम महाविद्यालय कराता है। पिछली बार कोर्ट के निर्णय के चलते चुनाव नहीं हुआ। इस बार छात्रों ने चुनाव के लिए हुंकार भरना व वोटबैंक के लिए दौड़भाग शुरू कर दी है।
प्राचार्या सुनीति मिश्रा का कहना है कि महाविद्यालय में आवेदनों पत्रों की बिक्री 15 जून से शुरू हो गई थी। महाविद्यालय की ओर से सात जुलाई को योग्यता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा। उधर, यूपी बोर्ड का रिजल्ट घोषित होते ही प्राइवेट विद्यालयों ने अधिक संख्या में छात्रों का दाखिला कराने के लिए दौड़ लगानी शुरू कर दी। गांव-गांव पहुंचकर अभिभावकों से संपर्क साधा जा रहा है। यह महाविद्यालय अभिभावकों को सारी-सुख सुविधा का भरोसा भी दिला रहे हैं। उनका कहना है कि महाविद्यालय छात्र को हर संसाधन मुहैया कराएगा।