तालग्राम (कन्नौज)। आर्थिक रूप से कमजोर दुल्हन पक्ष बरातियों के लिए 50 किलो मीट और चिकन की व्यवस्था नहीं कर पाया तो दूल्हा बरात लेकर ही नहीं गया। दुल्हन की मां ने थाने में तहरीर दी है।
तालग्राम की कांशीराम कॉलोनी निवासी महिला ने बेटी की शादी छिबरामऊ में तय की थी। सोमवार को बरात आनी थी। महिला ने थाने मेें दी तहरीर में बताया कि लड़के पक्ष ने सारा खर्च करने की बात कही थी लेकिन बाद में खर्च करने से मना कर दिया। सोमवार को बरात की अगवानी को लेकर पूरी तैयारी कर ली। लड़के वालों ने बरातियों के लिए 50 किलो मीट और चिकन का इंतजाम करने को कहा था।
महिला ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इंतजाम नहीं कर सकी। इस कारण दूल्हा ने बरात लाने से इंकार कर दिया। दरोगा स्वदेश कुमार ने बताया तहरीर मिली है । दूल्हे पक्ष को बुलाया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।