ठठिया। प्रदेश के पूर्व डीजीपी एवं समाजसेवी स्वर्गीय श्रीराम अरुण की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को पैतृक गांव गौरनपुरवा में श्रद्धांजलि एवं सेवा कार्यक्रम हुआ। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगे शिविर में 500 मरीजों का परीक्षण कर दवा वितरित की गईं। पुत्र समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण समेत परिवारजनों, जनप्रतिनिधियों चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम का आयोजन खैरनगर स्थित नॉर्थ स्टार स्कूल में सुबह 10 से शाम चार बजे तक हुआ। बड़ी संख्या में लोगों ने स्व. अरुण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों और समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पुण्यतिथि पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। आसपास के गांवों से पहुंचे 500 मरीजों की जांच कर दवाएं वितरित की गईं। चिकित्सकों ने परामर्श भी दिया।
ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध हुईं। शिविर में जनपद के अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लिया। श्रद्धांजलि के बाद प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा के साथ जनसेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया गया।