राजकीय मेडिकल कालेज में एमसीआई के विजिट के लिए मेडिकल कालेज प्रशासन तैयारियों में जुटा है। प्राचार्य व सीएमएस ने सोमवार को मेडिकल कालेज के सभी विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। चिकित्सा शिक्षकों की एक बैठक भी ली। विजिट के चलते मेडिकल कालेज प्रशासन ने सभी डाक्टरों, पैरा मेडिकल स्टाफ व चिकित्सा शिक्षकों के अवकाश निरस्त कर दिए हैं।
एमसीआई दिल्ली की टीम आगामी 13 फरवरी को मेडिकल कालेज आ रही है। टीम एमबीबीएस फाइनल ईयर की मान्यता के लिए निरीक्षण करेगी। साथ ही एमबीबीएस फाइनल ईयर के स्टूडेंट्स की वार्षिक परीक्षाएं व प्रयोगात्मक परीक्षाएं अपनी निगरानी में कराएगी। प्राचार्य डा.डीएस मारतोलिया, सीएमएस डा.दिलीप सिंह ने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, माडल ओटी, ब्लड बैंक, गाइनी वार्ड, सर्जरी वार्ड, बाल रोग विभाग, आर्थो विभाग, पैथोलाजी सेक्शन का निरीक्षण किया।
कुछ वार्ड में बेड कम मिलने पर उनकी तादात बढ़ाई गई। आईसीयू व एनआईसीयू में खराब पड़ी कुछ मशीनों को भी दुरुस्त कराया गया। सेंट्रल एसी की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई गई। निरीक्षण के बाद प्राचार्य ने बताया कि विजिट के चलते सभी डाक्टरों व चिकित्सा शिक्षकों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। जो लोग अवकाश पर थे, उनको तत्काल ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए है।