हंगामे के बाद पहुंचे गुरसहायगंज कोतवाल अमर पाल सिंह।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
ग्राम पंचायत गुगरापुर में कोटा चयन के दौरान दावेदारों के समर्थकों ने ग्रामीणों को अपने पक्ष में करने के लिए खींचतान शुरू कर दी। पुलिस के विरोध करने पर समर्थकों ने सिपाही से मारपीट और अभद्रता कर दी। बवाल बढ़ता देख चौकी प्रभारी नौरंगपुर को फोर्स बुलाना पड़ा। फोर्स की मौजूदगी में हुए चुनाव में अरुण कुमार विजयी रहे।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय गुगरापुर में कोटा आवंटन के लिए सीमा पत्नी भानू प्रताप सिंह व अरुण कुमार पुत्र अमर पाल के बीच चुनाव के लिए खुली बैठक का आयोजन किया गया। पर्यवेक्षक ब्रज किशोर (एडीओ, सीओ), अशोक कुमार (एडीओ पंचायत), संतोष कुमार वर्मा (एडीओ), अश्वनी कुमार (ग्राम विकास अधिकारी गुगरापुर,) व प्रधान अभय प्रताप सिंह की देखरेख में आवंटन प्रकिया शुरू हुई। बहुमत सिद्ध करने की बारी आई तो ग्रामीणों को अलग-अलग समर्थन में बैठने को कहा गया। दोनों दावेदारों के समर्थकों ने ग्रामीणों को अपने पाले में करने के लिए खींचतान शुरू कर दी।
इसी बीच नौरंगपुर चौकी प्रभारी हरीश कुमार व सिपाही बासू ने समर्थकों को पीछे हटने को कहा। कुछ समर्थक सिपाही से उलझ गए और उसके साथ मारपीट और अभद्रता कर दी। समर्थकों को उग्र होता देख चौकी प्रभारी ने गुरसहायगंज पुलिस व 100 डायल को सूचना दे दी। सूचना मिलते भी भारी संख्या में फोर्स गांव जा पहुंचा। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। देर शाम पूछताछ और लिखित माफीनामा के बाद युवक को छोड़ दिया गया। इसके बाद कोटा आवंटन प्रक्रिया पूरी कराई गई।
पर्यवेक्षक ब्रज किशोर ने बताया कि सीमा देवी के समर्थन में 528 लोगों में 217 महिलाएं और 311 पुरुष रहे। वहीं, अरुण कुमार के समर्थन में 567 लोगों में 236 महिलाएं व 311 पुरुष शामिल रहे। अरुण कुमार विजयी रहे।