कन्नौज। सेंट जेवियर्स विद्यालय पुलिस लाइन में पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी प्रथम के प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार निरीक्षण के लिए पहुंच गए। उन्होंने मास्टर ट्रेनरों से कई सवाल किए, वह सही से उत्तर नहीं दे सके। इस पर निर्वाचन अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। मास्टर ट्रेनर, मतदान कार्मिक प्रभारी, डीडीओ के साथ बैठक कर दिशा निर्देश जारी किए। निर्देश दिए कि प्रशिक्षण अवधि दो घंटे और बढ़ा दी जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पीठासीन अधिकारियों से मतदाताओं की सूची के संबंध में सवाल किए। इनका सही जवाब नहीं मिला। कहा कि पीठासीन अधिकारी ईवीएम, वीवीपैट आदि मतदान से संबंधित पूर्ण जानकारी प्राप्त कर लें। ईवीएम तथा वीवीपैट की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। ईवीएम व वीवीपैट मशीन खराब होती है तो तत्काल संबंधित मशीन को बदलने की कार्रवाई की जाएगी। मतदान किसी भी दशा में प्रभावित नहीं होना चाहिए। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी यूसी उपाध्याय, सीडीओ एसके सिंह, डीडीओ एनबी सविता, एनसी टंडन, जिला कृषि अधिकारी राममिलन सिंह परिहार, उप कृषि निदेशक आरएन सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मतदान के लिए किया जागरूक
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता जागरुकता अभियान के तहत नंदनी इंडेन गैस सर्विस में उपस्थित महिला व पुरुषों को लोकसभा सामान्य निर्वाचन में एक शृंगार ऐसा भी, जाएं वोट डालने जाएं, अपना वोट काम में लाएं से संबंधित स्टीकर दिए। अपील की, लोकतंत्र की रक्षा हेतु अधिक से अधिक मतदान करें। वोट सबका अधिकार है। अधिकार का प्रयोग करते हुए मतदान प्रतिशत को बढ़ाएं।
जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी
प्रशिक्षण के दौरान मतदान कार्मिकों की तबियत बिगड़ने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने दो नर्स व एक चिकित्सक की तैनाती की थी। प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया तो दोनों नर्स व चिकित्सक अपनी गाड़ी में बैठे मिले। जिलाधिकारी के नाराजगी जताने के बाद वह प्रशिक्षण स्थल पर अपनी किट के साथ पहुंचे।
मतदान कार्मिकों के लिए लगाए गए वाहन
पुलिस लाइन में स्थित प्रशिक्षण केंद्र तक मतदान कर्मिकों को लाने व ले जाने के लिए टेंपो व मैजिक की व्यवस्था एआरटीओ ने की है। इससे कि विद्यालय तक पहुंचने में मतदान कार्मिकों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
रिटायर्ड शिक्षकों की लगा दी गई ड्यूटी
प्रशिक्षण के पहले दिन ड्यूटी लगाए जाने में लापरवाही सामने आई। कई ऐसे शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई जो सेवानिवृत्त हो चुके हैं। बताया गया कि यह वह शिक्षक हैं, जिनकी मार्च माह में ड्यूटी लगाई गई थी, वह 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो गए हैं। ऐसे शिक्षकों की ड्यूटी काट दी गई है।
14 मतदान कार्मिक रहे गैरहाजिर
पहले दिन पहली पाली में 700 मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। पहली पाली में 8 मतदान कार्मिक गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में 700 मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। इनमें 6 गैरहाजिर रहे। मतदान कार्मिक प्रभारी एसके सिंह ने बताया कि गैर हाजिर मतदान कार्मिकों को तीन अप्रैल को दूसरी पाली में बुलाया गया है। मतदान कार्मिक प्रशिक्षण लेने के लिए उपस्थित नहीं होते हैं तो इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।