इंदरगढ़। सात सौ रुपये की कमाई में दो सौ रुपये खाने-पीने पर खर्च को लेकर हो रहे विवाद से परेशान राजमिस्त्री ने ससुराल में टंकी में छलांग लगा दी। ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने राजमिस्त्री को टंकी से बाहर निकाला और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पूछताछ के बाद पुलिस कर्मी उसे थाने ले गए।
सौरिख के ग्राम रेरी निवासी मुकेश कुमार राजमिस्त्री है। उसकी शादी इंदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम रामपुर की रामशीला के साथ हुई है। सोमवार को मुकेश ससुराल पहुंचा और घर में विवाद के बाद प्राथमिक स्कूल के निकट स्थित टंकी में छलांग लगा दी। राहगीरों ने मुकेश को टंकी में कूदते देखा और परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से उसे टंकी से बाहर निकाला। मुकेश ने पुलिस कर्मियों को बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है और उसे प्रतिदिन 700 रुपये मजदूरी मिलती है। कमाई में से लगभग 200 रुपये खाने-पीने पर खर्च कर देता है, जिससे उसके परिजन नाराज रहते हैं। इसी बात से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। वहीं, घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि परिजनों को बुलाकर युवक को समझाया जा रहा है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।