हसेरन। संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। विवाहिता की मौत के बाद ससुरालीजन फरार हो गए। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
औरैया के थाना सहायल के गांव पूर्वारमई निवासी जितेंद्र ने बताया कि 6 दिसंबर 2021 को बहन पिंकी देवी (24) की शादी जिला कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के गांव टडारायपुर निवासी रमेश चंद्र के पुत्र नीलेश के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग कर बहन के साथ आए दिन मारपीट करने लगे।
इसकी सूचना पिंकी ने पिता को दी। उन्होंने ससुरालीजनों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लोग नहीं माने। 25 अक्तूबर को पति नीलेश, ससुर रमेश चंद्र, सास सुम्भा देवी, ननद आरती, जेठ उमेश चंद्र, जेठानी नीलम ने बहन के साथ मारपीट कर उसे फंदे पर लटका दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह लोग मौके पर पहुंचे तो सभी ससुरालीजन घर से फरार थे। बहन पिंकी का शव जमीन पर पड़ा था और शरीर पर चोटों के निशान थे।
मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा किया और ससुरालीजनों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पाकर सौरिख थाने की पुलिस व नायब तहसीलदार शिखर मिश्रा मौके पर पहुंचे और परिजनों से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने भाई जितेंद्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।