उप संभागीय परिवहन विभाग की ओर से दो दिवसीय सड़क
सुरक्षा के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्कूली बच्चों
से पेंटिंग कराई गई। वहीं विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित
किया गया।
पुलिस लाइन स्थित सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज में सोमवार को
सबसे पहले सड़क सुरक्षा विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस
प्रतियोगिता में शहर के सेंट जेवियर्स स्कूल के अलावा जेपीएस, कानपुर
पब्लिक स्कूल, आकाश एजूकेशन गुरसहायगंज, शहीद चंद्रभान मेमोरियल स्कूल,
माया देवी इंटर कॉलेज के 150 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
एक घंटे की
प्रतियोगिता में सबसे बेहतर पेंटिंग तैयार करने वाले सेंट जेवियर्स स्कूल
के योगेश कुमार वर्मा को प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जेपीएस की
प्रांशी गुप्ता को दूसरा पुरस्कार और इसी कॉलेज की ही आरजू गुप्ता को
तीसरा पुरस्कार एसडीएम सदर सुनील शुक्ल, डिप्टी कमिश्नर सेल टैक्स
वाणिज्यकर व एआरटीओ राहुल श्रीवास्तव, पीटीओ विक्रांत सिंह ने दिया।
इसी
तरह 27 अन्य प्रतिभागियों को भी बेहतर पेंटिंग के लिए सांत्वना पुरस्कार
से सम्मानित किया गया। बच्चों को मेमेंटो के अलावा प्रशस्ति पत्र भी दिया
गया। बाद में बच्चों को सड़क दुर्घटना से बचाव से संबंधित मूवी दिखाई गई।
इसके बाद बच्चों को यातायात नियमों से संबंधित जानकारियां एआरटीओ ने दीं।
उन्होंने बताया कि वाहन चलाते समय या पैदल यात्रा करते समय अपने बाई ओर
रहें। बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें। नशे की हालत में वाहन न
चलाएं। इसके बाद आए हुए सभी बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ
दिलाई गई। इस मौके पर स्कूल के प्रबंधक सुनील सिंह, एस कुमार त्रिपाठी,
तपस्या वर्मा आदि मौजूद थे।