तालग्राम। त्योहारी सीजन में गांव से शहर तक मिठाई की दुकानें बढ़ रही हैं। हालांकि, ग्राहकों को बेची जा रही मिठाइयों की गुणवत्ता और उपयोग की अंतिम तिथि की जानकारी नहीं मिल पा रही है। शासन के निर्देशों के बावजूद अधिकांश दुकानों पर निर्माण और उपयोग की अंतिम तिथि की स्लिप नहीं लगाई जा रही है।
ग्राहक रितेश कनौजिया, तेजराम और प्रदीप कुमार ने बताया कि स्लिप न होने से मिठाई बनने का समय और उसकी एक्सपायरी का पता नहीं चलती। मिठाई कारीगर बृजेश कुमार के अनुसार, मिल्क केक उचित तापमान पर सात से 15 दिनों तक सुरक्षित रह सकता है। पैकेट खोलने के बाद इसे दो दिन के भीतर इस्तेमाल करना बेहतर है। मिठाई की सुरक्षित अवधि उसके रखरखाव पर भी निर्भर करती है। डिप्टी सीएमओ डॉ इरसाद सिद्दीकी ने बताया कि फफूंद या सड़न लगी मिठाई खाने से खाद्य विषाक्तता हो सकती है। इससे पेट खराब होने और बुखार जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।