ब्लाक परिसर में मंगलवार को हुई मनरेगा समीक्षा बैठक में बीडीओ ने लापरवाही को लेकर 12 रोजगार सेवक, 9 प्रधान, चार तकनीकी सहायक और दो सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। टिकरी कलसान के रोजगार सेवक की सेवा समप्ति का नोटिस देने तथा तकनीकी सहायक राजेश कनौजिया को कार्यमुक्त करने के लिए स्थापना लिपिक को निर्देश दिए।
बैठक में एपीओ धनंजय शुक्ला ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में चल रहे विकास कार्यों को बताया। ग्राम पंचायत तेराजाकेट के सचिव ने बताया कि प्रधान मनरेगा कार्य कराने में स्पष्ट रूप से मना कर देते हैं। इस पर प्रधान को नोटिस भेजकर दो दिन में कार्य शुरु न होने पर उनके वित्तीय अधिकार सीज करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत अमोलर, बिरौली, गंगागंज गुरौली, रौरा, सकरवारा बगुलिहाई, समगुरा बहादुरपुर, बबरापुर मखदूमपुर के प्रधान, गंगागंज गुरौली, मुंडाला, नेपालपुर, सकरवारा बगुलिहाई, बबरापुर मखदूमपुर, भवानीसराय, इंदुइयागंज, सरायदौलत के रोजगार सेवक, रौतामऊ, रामपुर के तकनीकी सहायक, समगुरा बहादुरपुर के सचिव को तथा जुनेदपुर में 17 हजार ही व्यय करने पर प्रधान, सचिव, तकनीकी सहायक तथा रोजगार सेवक को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगने की कार्रवाई की।
टिकरी कलसान लोहिया गांव है। यहां् के काम में रोजगार सेवक द्वारा सहयोग न करने, बैठक में शामिल न होने पर उसकी सेवा समाप्ति करने का फरमान सुनाया गया। तकनीकी सहायक राजेश कनौजिया के विरुद्ध पांच ग्राम पंचायतों से लिखित शिकायत आने के साथ सात ग्राम पंचायतों में गलत अफवाह फैलाना, कार्य में सहयोग न करने व बैठक में अनुपस्थित रहने के कारण उन्हें कार्यमुक्त करने की कार्रवाई शुरु की गई है।
तकनीकी सहायक कृष्णकांत को भी गायब रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया। बीडीओ ने कहा कि जनवरी महीने में प्रत्येक ग्राम पंचायत को दो लाख रुपये की धनराशि खर्च करनी है। इसमें शिथिलता पर प्रधान, सचिव, रोजगार सेवक के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी।
80 दिन काम करने वालों को दें प्राथमिकता
जिन ग्राम पंचायतों में श्रमिकों द्वारा 80 दिन पूर्ण हो चुके हैं उन्हें प्राथमिकता से काम देकर सौ दिन पूर्ण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इंदिरा आवास में वित्तीय वर्ष 2014-15 में 90 मानव दिवस श्रमिक की तत्काल डिमांड लगाने को कहा। ताकि 14040 रुपये लाभार्थी को भुगतान किया जा सके।
इस मौके पर एडीओ रामकुमार वर्मा, सेवाराम, स्थापना लिपिक रचना गुप्ता, सचिव रमेश चंद्र, रामप्रकाश, दिनेश, मुजीब, राजेंद्र कुमार, सुरेश सैनी, प्रधान कप्तान सिंह, रामबरन पाल, सोवरन सिंह आदि मौजूद रहे।