कुसुमखोर गंगा घाट पर स्नान करने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। रविवार को उसका शव हरदोई सीमा में मिला।
हरदोई जनपद के अरवल कस्बा निवासी नीरज (25) पुत्र रामसनेही शनिवार को अमावस्या पर्व पर अपने साले सुनील निवासी हंसपुर्वा गुगरापुर कन्नौज के साथ गंगा में पीपों के पुल के पास स्नान कर रहा था।
तभी अचानक वह गहरे पानी में चला गया। साले के चिल्लाने पर आसपास स्नान कर रहे लोग पानी में खोजबीन करने लगे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। सूचना पर प्रशासन ने पानी में गोताखोरों को उतारा, लेकिन शव नहीं मिला। रविवार सुबह कुछ लोग हरदोई जनपद की सीमा में जाल डालकर मछलियां पकड़ रहे थे।
तभी जाल में नीरज का शव फंस गया। सूचना मिलते ही हरदोई के अरबल थानाध्यक्ष गिरीशचंद्र व मौजमपुर कन्नौज चौकी प्रभारी देवीदीन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
दाह संस्कार में आया युवक गंगा में डूबा
महादेवी घाट पर चचेरे भाई के दाह संस्कार में शामिल होने आया युवक गंगा में डूब गया। गोताखोरों के प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हरदोई के काजीपुरा थाना बिलग्राम निवासी सुदामा (35) अपने चचेरे भाई के दाह संस्कार में महादेवी घाट पर आया था।
दाह संस्कार हो जाने के बाद रविवार दोपहर पुल के पास गंगा स्नान कर रहा था। तभी अचानक गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया। आसपास के लोगों ने गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश की लेकिन उसका पता नही लगा। सूचना मिलते ही तहसीलदार राजेश कुमार सहित कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक लालचंद्र यादव, चौकी प्रभारी मानीमऊ सोबरन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देर शाम तक उसकी तलाश जारी रही।