छिबरामऊ। नगर की कांशीराम कालोनी में मकान का पिछला दरवाजा तोड़कर चोरों ने नगदी व जेवर पार कर दिया। महिला के जागने पर चोर ने उसके सिर पर ताला मार घायल कर दिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
कालोनी निवासी योगेश पुत्र राकेश ने बताया कि वह कार का चालक है। रात को करीब 12 बजे कालोनी के एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ दरवाजा तोड़कर घर में घुस आए। घर में रखी दो जोड़ी पायल, एक करधनी, एक सोने की नथ, दो सोने की अंगूठी, एक सोने की लर, एक चांदी की लर व पांच हजार रुपये समेट ले गए। वारदात के समय बहन सोमवती व रूपा घर में थी और माता-पिता घर के बाहर लेटे थे। खटपट सुन रूपा व सोमवती जाग गईं। तभी एक चोर ने रूपा को घायल कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी लोग जेवरात व नगदी लेकर भाग गए। इस संबंध में कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।