गुरसहायगंज। क्षेत्र के खेड़ा भवानीपुर गांव में घर से लापता एक युवक का शव 26 दिन बाद 50 फीट गहरे कुएं में मिला। परिजनों ने युवक की भाभी, उसके प्रेमी व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र की चौकी अनौगी के गांव खेड़ा भवानीपुर निवासी सुरेंद्र सिंह (20) पुत्र मिश्रीलाल दिल्ली में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। लॉकडाउन के बाद वह घर पर ही रह रहा था। 15 नवंबर की रात सुरेंद्र अचानक घर से लापता हो गया था। सोमवार को गांव में ही एक खंडहर पड़े मकान के सूखे कुएं से ग्रामीणों को बदबू आने लगी। ग्रामीणों ने जब टार्च से देखा तो उसके अंदर शव दिखाई दिया। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को बाहर निकाला गया। गांव के राजेश और अशोक दोहरे ने शव की शिनाख्त भाई सुरेंद्र के रूप में की। भाइयों ने पुलिस को बताया कि भाई की हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया गया है।
अशोक ने बताया कि उसकी शादी ठठिया के उसरी बिल्हा निवासी संध्या से हुई थी। साली सोनम की शादी भाई इंद्रपाल से हुई थी। करीब चार साल पहले सोनम का गांव के संजय उर्फ पिंटू पुत्र उमाशंकर से प्रेम-संबंध हो गया। इसके बाद वह उसके साथ घर पर रहने लगी। सुरेंद्र इसका विरोध करता था। इसी बात को लेकर संजय ने अपने भाई पिंटू और सोनम के साथ मिलकर सुरेंद्र की हत्या कर शव कुएं में डाल दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल राजा दिनेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन के बाद कार्रवाई की जाएगी।
===============