निगम मंडी के पास बीती रात चोरों ने बाइक शोरूम समेत
तीन दुकानों को निशाना बनाया। चोरों का प्रयास दो दुकानों में असफल रहा, पर
परचून की दुकान से चोरों ने एक लाख रुपये कीमत का सामान पार कर दिया। बाइक
शोरूम और खाद की दुकान में तैनात गार्डों और चोरों के बीच फायरिंग भी हुई।
आस पड़ोस के लोगों के आने पर चोर फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना
पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। परचून दुकान स्वामी ने रिपोर्ट लिखाने
के लिए कोतवाली में तहरीर दी है। निगम मंडी के सामने संजीव कुमार की घर के
बाहर परचून की दुकान है। गुरुवार की रात चोरों ने दुकान का शटर उचकाया और
सामान चोरी कर लिया।
शुक्रवार सुबह पांच बजे जब उनका बेटा मयंक घर से टहलने
निकला तो उसकी नजर दुकान के बाहर टूटी पड़ी ट्यूब लाइट पर पड़ी। जब वह
दुकान के पास पहुंचा तो देखा शटर उचका हुआ था। उन्होंने बताया कि दुकान में
रखे रिफाइंड तेल के भरे डिब्बे, सरसों के तेल की भरी बोतलों के कई गत्ते,
पान मसाला के कई गत्ते, सब्जी मसाला के कई गत्ते सहित गोलक में रखी पांच
हजार की नगदी चोर उठा ले गए।
उन्होंने चोरी गए सामान की कीमत एक लाख रुपये
बताई है। चोरों ने परचून की दुकान को निशाना बनाने के बाद मोहल्ला
दीक्षितान निवासी विकास दीक्षित के बाइक शोरूम और मोहल्ला बाजार कलां
निवासी धीरज गुप्ता की खाद की दुकान के शटर उचका दिए, पर चोरी में सफल नहीं
हो सके।
शटर उचकाने की आवाज सुन दुकान की छत पर लेटा गार्ड सुखेंद्र
तिवारी और पंकज तिवारी की भी नींद खुल गई। गार्डों ने बताया कि लगभग
पांच-छह लोग थे, जो दुकान के शटर को उचकाने का प्रयास कर रहे। इस पर उसने
लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर कर दी। इसके बाद चोरों ने भी फायरिंग शुरू कर
दी।
इस पर पड़ोस के लोग भी जाग गए। शोर मचाने पर चोर फायरिंग करते हुए भाग
निकले। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची, पर तब तक चोर मौके से
भाग चुके थे। परचून दुकान के स्वामी ने चोरी की रिपोर्ट लिखाने के लिए
कोतवाली में तहरीर दी है, पर देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।