छिबरामऊ। प्रेमी ने जीवन भर साथ निभाने का वादा किया और मंदिर में युवती से शादी की थी। अब प्रेमी ने साथ रहने से इन्कार कर दिया। इससे नाराज युवती ने प्रेमी पर अपहरण करने के बाद बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा दिया। पुलिस की जांच के बाद हकीकत सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सौरिख क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने बताया था कि 12 जुलाई को बीमार मां का इलाज कराने छिबरामऊ आई थी। फर्रुखाबाद चौराहे से पड़ोसी गांव का एक युवक कार से उसे साथ ले गया था। युवती ने आरोप लगाया था कि युवक ने 48 घंटे तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही युवक ने किसी को जानकारी देने पर उसे व परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। बाद में युवती ने अपने परिवार के साथ सौरिख थाने में युवक के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी।
मामला छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र का होने के कारण कोतवाल कपिल दुबे ने कार्रवाई करते हुए युवती को थाने लाकर पूछताछ की। कोतवाल ने बताया कि मामला अपहरण व दुष्कर्म का नहीं है, बल्कि प्रेम-प्रसंग का है। युवती के बयान के आधार पर दोनों किसी मंदिर में पहले ही शादी कर चुके हैं। अब युवक ने शादी से इन्कार कर दिया। युवती की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।