कन्नौज। जिले में पहली बार अंक कम के बावजूद जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा का कमल खिल गया। अधिक अंक लेने के बाद भी सपा चारों खाने चित हो गई। भाजपा की प्रिया शाक्य ने 28 सदस्यों में से 15 के वोट पाकर दो वोट से जीत हासिल कर ली। सपा के प्रत्याशी श्याम सिंह यादव को 13 वोट मिले। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने परिणाम की घोषणा करते हुए प्रिया शाक्य को जीत का प्रमाण पत्र दिया। पूरे चुनाव के दौरान भाजपा से सांसद सुब्रत पाठक और सपा से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम अपने समर्थकों के बीच डटे रहे।
जिले का गठन होने के बाद से सात चुनावों में एक बार भी भाजपा के खाते में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी नहीं आ सकी थी। इस बार सत्तासीन होने की वजह से भाजपा और सपा दोनों ने इस सीट को प्रतिष्ठा का विषय बना लिया था। नामांकन प्रक्रिया होने के बाद से वोट इधर या उधर करने के लिए दोनों ओर से कवायद हो रही थी। हालात यहां तक पहुंच गए कि शुक्रवार को सपा के लोगों ने डीएम व एसपी पर खुद चुनाव लड़ने का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग के दफ्तर में दस्तक दे दी थी। दावा किया कि उनके साथ 17 सदस्य हैं। उन्हें डर है कि वोट नहीं डालने दिया जाएगा। इसके बाद यहां जिला प्रशासन ने कलक्ट्रेट परिसर व आसपास का सौ मीटर इलाका पूरी तरह आम लोगों के लिए प्रतिबंधित कर दिया। सदस्यों को ही आने की अनुमति रही।
हालांकि इस दौरान सपा की ओर से सांसद का वाहन विकास भवन तक आराम से पहुंचने के आरोप भी लगाए गए। सुबह 11 बजे जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। सबसे पहले भाजपा के सदस्यों ने मताधिकार का प्रयोग किया। सपा प्रत्याशी और सपा के जिला पंचायत सदस्य दिगंबर सिंह यादव ने भी अपने वोट का प्रयोग किया। पौने बारह बजे तक 12 वोट पड़े। इसके बाद सपा के 12 सदस्य टोली बनाकर पहुंचे। दो सदस्य अलग से आए। इन सभी ने पौने दो बजे तक वोट डाले। कुल 28 वोट पड़ने के बाद दोपहर तीन बजे मतगणना शुरू कराई गई। सभी वोट वैध मिले। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने आधे घंटे बाद परिणाम घोषित कर प्रमाण पत्र दे दिया। मतदान से मतगणना तक की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। परिणाम घोषित होते ही भाजपाइयों में हर्ष और सपा खेमे में मायूसी छा गई।
कुल सदस्य: 28
भाजपा की प्रिया शाक्य को मिले वोट: 15
सपा के श्याम सिंह यादव को मिले वोट: 13