एसबीआई सराय प्रयाग में लगा ताला और बाहर खड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कस्बा सराय प्रयाग स्थित एसबीआई में शनिवार को कैश न मिलने पर लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कैश न होने के कारण शाखा का मुख्य गेट पूरे दिन बंद रहा। इससे ग्राहक बाहर धूप में खड़े रहे। तेज धूप के चलते कुछ महिलाओं की तबियत भी खराब हो गई। इससे नाराज लोगों ने हंगामा किया और शाखा के अंदर बैठे कर्मचारियों से गाली-गलौज की। कर्मचारियों ने भी ग्राहकों से अभद्रता की।
ग्राम नरुईया निवासी बच्चनलाल, रामरतन, सराय प्रयाग निवासी अशोक कटियार, अमर सिंह, रामदास वर्मा, अमित आदि ने बताया कि उनका स्टेट बैंक सराय प्रयाग में खाता है और पिछले तीन दिनों से वह पैसा निकालने के लिए बैंक का चक्कर लगा रहे हैं। कैश न होने की बात कहकर टरकाया जा रहा है। शनिवार को जब पैसा लेने बैंक शाखा पहुंचे तो मुख्य गेट पर ताला लटकता मिला। आवाज देने पर कर्मचारियों ने उसे अनसुना कर दिया।
काफी देर इंतजार के बाद बताया कि शाखा में कैश नहीं है। जिस पर ग्राहकों ने ताला खोलने की बात कही लेकिन बैंक कर्मचारियों ने गेट नहीं खोला। इससे ग्राहक बाहर धूप में खड़े रहे। तेज धूप के चलते दो-तीन महिलाओं की तबियत भी बिगड़ गई। काफी देर इंतजार के बाद भी जब पैसा नहीं मिला और न ही शाखा का गेट खुला तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने बाहर से बैंक कर्मचारियों को अभद्र गालियां देना शुरू कर दिया और हंगामा किया। जिस पर वहां भीड़ लग गई। इसके बाद बैंक कर्मचारियों ने अंदर से ग्राहकों से अभद्रता कर दी। दोपहर बाद तक जब भुगतान नहीं मिला तो ग्राहक मायूस होकर वापस लौट गए।
कोट
कैश न होने से भुगतान में दिक्कत आ रही है। बैंक का गेट खोल देने से पूरे दिन लोगों का आना जाना रहता है जिससे अन्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं। इसी के चलते बैंक के गेट पर ताला लगाया गया है। - चंदनलाल (शाखा प्रबंधक, एसबीआई सराय प्रयाग)