प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिलिट्री ग्राउंड पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की नाकामियां गिनाई तो पार्टी के घोषणा पत्र की तारीफ की। कहा कि यदि यूपी में भाजपा की सरकार बनी तो वह पहली बैठक में ही कर्जमाफी लागू करेंगे। साथ ही किसानों की लागत का उचित मूल्य दिलाने के लिए कारखाने लगवाएंगे। खास तौर से आलू कारखाना लगाने वाले को 100 फीसदी सहयोग मिलेगा। क्योंकि टमाटर सस्ता बिकता है और केचप महंगा। आलू सस्ता बिकता है और चिप्स मंहगा। जब कारखाना लगेगा तो आलू और टमाटर का भरपूर मूल्य मिल सकेगा।
इस दौरान उन्होंने युवाओं पर डोरे डालते हुए सिपाही भर्ती का मुद्दा उठाया। कहा कि यूपी में बीजेपी की सरकार बनी तो सीआरपीएफ में 25 हजार, सीआईएसएफ में 35 हजार युवाओं की भर्ती होगी। इसमें किसी भी कीमत पर जातिवाद नहीं होगा। उन्होंने रेलवे में हुई भर्ती का उदाहरण दिया। कहा कि यहां बिना इंटरव्यू के निष्पक्ष तरीके से भर्ती हुई और किसी का एक रुपया भी नहीं लगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि बिना पैसे की नौकरी चाहते हो तो भाजपा सरकार बनवाओ। सैफई परिवार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यूपी सिर्फ एक कुनबे के लिए नहीं है।
यूपी में सब डाउन डाउन
प्रधानमंत्री ने यूपी के नाम की व्याख्या करते हुए कहा कि अंग्रेजी में यह शब्द अप लिखता है, जिसका मतलब होता है आगे बढ़ना, लेकिन यूपी में सब डाउन ही डाउन है। यूपी को अप करने के लिए भाजपा की जरूरत है।
नोटबंदी की तारीफ
प्रधानमंत्री ने नोटबंदी की तारीफ करते हुए कहा कि आठ नवंबर को उन्होंने फैसला लिया और 70 साल से दबा नोटों का बंडल नीचे निकल पड़ा। यह प्रयास भी गरीबों के लिए ही किया है। यह लड़ाई आगे जारी रहेगी।
वैज्ञानिकों ने आकाश में लगाई सेंचुरी
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के वैज्ञानिकों ने स्पेस प्रोग्राम में एक ऐसा काम किया, जिसने विश्व के स्पेस प्रोग्राम में आज हमारे वैज्ञानिकों की कहानी सुनहरे अक्षरों से लिखी जाएगी। आज हमारे वैज्ञानिकों ने एकसाथ 104 सैटेलाइट लांच किए। इनमें से तीन हमारे थे और 101 सैटेलाइट दुनिया के दूसरे देशों के थे। हमारे वैज्ञानिकों ने अमेरिकी, स्विटजरलैंड, इजराइल, यूएई जैसे देशों के सैटेलाइट लांच किए।
ओडिशा व अन्य चुनावों का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह कन्नौज की धरती से ओडिशा के नागरिकों का विशेष रूप से धन्यवाद देते है। ओडिशा में बीजेपी कम ताकतवर थी। लेकिन, कल जब ओडिशा में चुनाव के नतीजे आए बीजेपी को अभूतपूर्व समर्थन ओडिशा ने दिया है। इसी तरह चंडीगढ़ व एमएलसी चुनाव में भी समर्थन मिला है। यूपी में एमएलसी की तीन सीटें बीजेपी भारी बहुमत से जीत गई। महाराष्ट्र, राजस्थान उपचुनाव, गुजरात में नगरीय निकाय के चुनाव में बीजेपी जीती है।
गरीब की सूची ही नहीं दे पाए अखिलेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर गरीब तीन रुपये का खाता है तो सरकार हर दिन उसमें 27 रुपये डालकर उसका पेट भरती है। ये यूपी सरकार कैसी गरीब विरोधी है। हमने अन्नसुरक्षा के तहत यूपी सरकार को कहा कि आपको इतने पैसे देंगे कि गरीब परिवारों को खाना मिल सके। आप उनकी सूची बनाइए। कन्नौज की धरती से बड़ी पीड़ा के साथ कहना पड़ रहा है कि जहां से मुलायम, अखिलेश और उनकी पत्नी ने प्रतिनिधित्व किया है। अभी तक ये लोग कौन गरीब हैं, किसे सस्ते में खाना देना चाहिए, उसकी सूची भी नहीं दे पाए। अनाथ आश्रम जैसी जगहों पर गरीबों को खाना खिलाने के लिए दिल्ली की सरकार पैसे लेकर बैठी है, लेकिन ये लोग उन्हें खाना नहीं दे पाते। इन लोगों को बिचौलिए नहीं मिल पा रहे हैं, जो उनका मकसद हल कर सकें।
हार्ट स्टेंट का भी जिक्त्रस्
प्रधानमंत्री ने कहा कि हार्ट स्टेंट की कीमत सवा लाख करोड़ थी, उसे अब 30 हजार में कर दिया गया है और जो 45 हजार का था, उसे अब 8 हजार में गरीबों को मिल सकेगा।