कटरी क्षेत्र के गांव गुमटिया में बीते एक वर्ष से स्कूल की बाउंड्रीवाल टूटी पड़ी है। शौचालय में हमेशा ताला लटका रहता है। कक्षाओं में बारातों को ठहराया जा रहा है। स्कूल में बारात के ठहरने से पढ़ाई कार्य भी बाधित हो रहा है। शिक्षकों का कहना है कि कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत करा चुके है, अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
मंगलवार को स्कूल की तीन क्लासों में बारात ठहरी हुई है। बरामदे में बैठे बच्चे पढ़ाई में जुटे हुए थे। स्कूल परिसर में ट्रैक्टर, बारात का सामान व चारपाइयां रखी थीं। स्कूल के एक कक्ष में बरातियों से लिए खाना बन रहा था। सहायक अध्यापक विकास शुक्ला व बेबी सिंह कहते है कि यहां पर ऐसे ही चलता है। जिसका जहां पर मन होता है। अपना सामान रख लेता है।
मना करने पर वह झगड़ा करने लगते है। कुछ कमरों में ताला बंद रहता है। चाभी किसके पास है उन्हें नहीं पता है। जितनी जगह में कब्जा आदि नहीं है। वहीं पर बच्चों को पढ़ा रहे है। इस मामले में शिक्षा समिति भी कुछ नहीं कर रही है।
उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। किसी ने अभी तक शिकायत नहीं की है। फिर भी मामले को देखा जा रहा है। बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
- अखंड प्रताप सिंह, बीएसए