कन्नौज। डीएम के आदेश के बाद भी जिला उद्यान विभाग ने प्रशासनिक अफसरों को कोल्ड स्टोरेज की सूची उपलब्ध नहीं कराई। इसकी वजह से सभी एसडीएम समेत तहसीलदार, नायब तहसीलदार व कृषि विभाग के अफसर कोल्ड स्टोरेज में रखे आलू का सत्यापन नहीं कर सके। कोल्ड स्टोरेज एक नवंबर को खाली कराने के आदेश पहले दिन ही धड़ाम हो गया। वहीं, जिला उद्यान अधिकारी (डीएचओ) ने कई कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण कर कोल्ड संचालकों को जल्द निकासी करने के आदेश दिए।
डीएम राकेश कुमार मिश्र ने शासन के आदेश पर कोल्ड स्टोरेज में डंप आलू को 31 अक्तूबर तक खाली कराने के आदेश दिए थे। डीएम ने कोल्ड स्टोरेज में रखा आलू का सत्यापन करने के लिए सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत कृषि विभाग से जुड़े सभी अफसरों की ड्यूटी लगाई थी। जिला उद्यान विभाग से सूची न मिलने से पहले की आलू निकासी का सत्यापन नहीं हो सका।
सदर एसडीएम गौरव शुक्ला ने बताया उद्यान विभाग से कोल्ड स्टोरेज की सूची नहीं मिली है। बात करने पर उन्होंने सोमवार को उपलब्ध कराने की बात कही। सूची मिलने पर कोल्ड स्टोरेज में आलू निकासी व डंप आलू की मॉनीटरिंग करवाई जाएगी। बाद में यह रिपोर्ट डीएम को प्रेषित की जाएगी। वहीं, जिला उद्यान अधिकारी मनोज चतुर्वेदी ने बताया कि उन्होंने जलालपुर पनवारा स्थित आईआरएस, रामगंगा, हिंदुस्तान समेत कई कोल्ड स्टोरेज का सत्यापन किया। बताया किसी कोल्ड स्टोरेज में चार हजार तो किसी में पांच हजार आलू के पैकेट रखे हैं। कोल्ड स्टोरेज संचालकों को जल्द ही इसकी निकासी करने के आदेश दिए गए हैं।
सबसे अधिक व्यापारी का बचा आलू
आलू खुदाई के समय बड़े व्यापारी किसानों से आलू खरीद कर उसे कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रख देते हैं। इससे अच्छे दाम मिलने पर आलू को निकाल कर बेचा जा सके। वर्तमान में कोल्ड स्टोरेज में जो आलू रखा है वह व्यापारी या बड़े किसानों का है। वह अच्छे भाव मिलने के चक्कर में आलू नहीं निकाल रहे हैं। आलू कम निकलने से उसके दाम बढ़े हैं। अगर यह आलू बाहर निकल आए तो कीमतों में गिरावट आएगी।
दिसंबर तक आ जाएगा नया आलू
अगर किसानों ने आलू कोल्ड स्टोरेज से निकाल भी लिया तो वह इतनी जल्दी नहीं खराब होगा। इस समय मौसम में ठंडक है जो आलू के लिए फायदेमंद है। वहीं, दिसंबर प्रथम सप्ताह तक बाजार में नया आलू आ जाएगा। इसके बाद महंगे आलू के दाम अपने आप गिर जाएंगे।