तालग्राम। बिजली उपकेंद्र ताहपुर की 11 हजार लाइन में आए फाल्ट को ठीक करते समय शटडाउन के बाद भी बत्ती तो बहाल हो गई पर पोल पर चढ़कर फाल्ट ठीक कर रहा लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। इससे वह झुलस कर नीचे गिर गया। परिजनों ने गुरुवार को निजी अस्पताल भर्ती कराया है। वहीं, लापरवाही में एसएसओ (सब स्टेशन ऑपरेटर) को हटा दिया गया।
क्षेत्र के किस्तियापुर निवासी शेर सिंह (50) ताहपुर बिजली उपकेंद्र के गदनापुर फीडर पर संविदा लाइनमैन हैं। बारिश और तेज हवा से भवानीसराय गांव के पास लाइन में आए फाल्ट को दुरुस्त करने के लिए शटडाउन लेकर सही करने पहुंचे थे। 11 हजार लाइन पोल पर चढ़कर जंफर ठीक कर रहे थे तभी बिजली आपूर्ति शुरू हो गई। इससे वह करंट की चपेट में आ गए। इससे हाथ-पैर में झुलसने के साथ तेज झटका लगने से वह नीचे गिर पड़े। इससे शरीर में चोटें आई हैं। खंभे के नीचे मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बिजली घर के एसएसओ का कहना है कि लाइनमैन फीडर से फाल्ट ठीक करने के लिए गए थे, शटडाउन था। लाइन में करंट कैसे आ गया, वह खुद नहीं समझ पा रहे। लाइनमैनों ने मामले की जांच की मांग की है। उनका आरोप है सुरक्षा किट भी उपलब्ध नहीं थी। एसडीओ अगत्स्य मौर्या का कहना है कि लापरवाही बरतने पर एसएसओ को हटा दिया गया है। अवर अभियंता भूपेंद्र सिंह को जांच सौंपी गई। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।