कन्नौज। डीडीआरएफ के गठन के लिए वर्ष 2023 में प्रक्रिया शुरू हुई थी पर गठन नहीं हो सका। पिछले दिनों रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन इमारत की शटरिंग टूटने से हुए हादसे के बाद डीडीआरएफ गठन की याद आ गई। बुधवार को समाज कल्याण मंत्री व सदर विधायक असीम अरुण ने अफसराें के साथ ऑनलाइन बैठक की और जिला आपदा प्रतिक्रिया दल (डीडीआरएफ) का गठन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि जिला स्तर पर होने वाले आयोजनों और अन्य मौकों पर डीडीआरएफ की आवश्यकता होती है। उन्होंने डीएम और एसपी कन्नौज को निर्देश दिए कि दल के गठन से संबंधित एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाए। दल में पुलिस, फायर, मेडिकल आदि के साथ नागरिकों को भी शामिल कर उनको प्रशिक्षण दिलाया जाए। इसके लिए आवश्यक संसाधनों की सूची भी तैयार की जाए, जो दल को उपलब्ध कराए जा सके। बैठक में राहत आयुक्त, डीएम, एसपी, एसडीआरएफ कमांडेंट, सीएफओ के साथ जिला आपदा विशेषज्ञ शामिल रहे।