खड़िनी। ग्रामीणों को अब छोटी-मोटी राजस्व संबंधी समस्याओं और प्रमाण पत्रों के लिए तहसील के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार अब लेखपाल सप्ताह में चार दिन अनिवार्य रूप से ग्राम पंचायत के सचिवालय में मौजूद रहेंगे। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य जनता की समस्याओं का उनके गांव में ही त्वरित और पारदर्शी निस्तारण करना है।
शासनादेश के मुताबिक शनिवार को आयोजित होने वाले तहसील दिवस व थाना दिवस को छोड़कर सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक रोस्टर के मुताबिक अपने कार्यक्षेत्र में पड़ने वाले गांव सभाओं के सचिवालय में मौजूद रहें। शासन के निर्देशों के अनुपालन में ग्राम पंचायत ग्यासपुर के पंचायत घर में क्षेत्रीय लेखपाल अभिनय चंदेल ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर जितेंद्र सिंह, देवदत्त, रामजीत, राजरानी, रामश्री आदि ने लेखपाल के सामने अपनी जमीन, पैमाइश और आय-जाति प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिन्हें जल्द से जल्द निस्तारित करने का आश्वासन दिया गया।