तालग्राम। खेत की मेड़ बांधने को लेकर हुई पंचायत में दो पक्षों में लाठी व धारदार हथियार चल गए। दोनों पक्षों से 13 लोग घायल हुए हैं। आठ लोगों के खिलाफ क्रास रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पंचायत में मौजूद लोगों ने भागकर जान बचाई। काफी देर तक खेतों में भगदड़ मची रही। सूचना पर चौकी प्रभारी सुभाष चंद्र फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
तालग्राम के कुड़री गांव निवासी वीरेंद्र पुत्र बाबूराम ने गांव के सरमन, दिनेश पुत्र सियाराम, सोनू पुत्र देवेंद्र, सियाराम पुत्र छेदालाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि खेत की मेड़ का इन लोगों से विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह नौ बजे गांव के पंच मेड़ बंधवाने आए थे। खेत पर बातचीत चल रही थी। इसी बीच इन लोगों ने गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
बचाने आए रामसेवक पुत्र छेदालाल, विवेक पुत्र वीरेंद्र्र, द्रोपदी पत्नी दयाराम, सुखदेवी पत्नी रामसेवक, रोशन पुत्र विजय कुमार, भूरा पुत्र रामसेवक, मोरवती पत्नी ग्याराम समेत आठ लोग घायल हो गए। तांडव देख पंच मौके से भाग निकले। दूसरे पक्ष के सरमन पुत्र छेदालाल ने गांव के वीरेंद्र पुत्र बाबूराम, विवेक पुत्र वीरेंद्र, भूरा पुत्र रामसेवक, अखिलेश पुत्र विजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसमें बताया कि इन लोगों ने खेत की मेड़ तोड़कर दो बिसवा खेत जोत लिया। मेड़ बांधने की पंचायत के बीच बातचीत चल रही थी। तभी यह लोहे की रॉड, लाठी लेकर आ गए। यह लोग उसे पीटने लगे। बचाने आए भाई सियाराम, दिनेश, श्रीपाल व भतीजे सोनू समेत पांच लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
दिनेश, सियाराम, द्रोपदी, सुखदेवी, विवेक, रामसेवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।