कन्नौज। हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए सात दिनों का समय शेष है। कक्ष निरीक्षकों की सूची फाइनल करने का कार्य अंतिम चरण में है। परीक्षा के लिए माध्यमिक से 1635 व बेसिक से 586 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। 2221 शिक्षक परीक्षा केंद्रों पर 48 हजार छात्र-छात्राओं की निगरानी करेंगे।
कक्ष निरीक्षक के आईकार्ड में इनका पूरा ब्योरा रहेगा। इससे कि निरीक्षण के लिए पहुंचने वाले उड़नदस्ता, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों को कोई दिक्कत न हो। यूपी बोर्ड की परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो रही है। परीक्षा के लिए जिले में 79 केंद्र बनाए गए हैं। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर चुके हैं।
विद्यालयों में प्रवेश पत्रों का वितरण जारी है। डीआईओएस राजेंद्र बाबू ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर माध्यमिक से 1635 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जा रही है। प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों से शिक्षक के कई वर्ष से शिक्षण कार्य का शपथ पत्र लिया जा रहा है। इससे कि परीक्षा के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति के पकड़े जाने पर संबंधित प्रधानाचार्य, प्रबंधक पर कार्रवाई की जा सके।
उधर, 586 शिक्षकों की बेसिक शिक्षा विभाग को डिमांड भेजी गई है। शिक्षकों की लिस्ट मिलते ही इनके भी आईकार्ड तैयार कर दिए जाएंगे। डीआईओएस ने बताया कि आईकार्ड में शिक्षक का नाम, आधार नंबर व विषय अंकित रहेगा।
प्रवेश पत्रों का जल्द करा दिया जाए वितरण
डीआईओएस ने बताया कि अधिकतर विद्यालयों में प्रवेश पत्रों का वितरण चल रहा है। प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि 13 फरवरी तक प्रवेश पत्र वितरण का कार्य खत्म कर लिया जाए। प्रवेश पत्र न मिलने की छात्रों से शिकायत मिली तो प्रधानाचार्य पर कड़ी कार्रवाई होगी।